18 कुर्सी, पंखे, टेबल व बल्ब समेत सैकड़ों कागजात ले गए चोर; पदाधिकारियों ने थाने में दिया आवेदन
गिद्धौर। थाना क्षेत्र के बरियातू सीएलएफ कार्यालय में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर कार्यालय में रखे कई सामान एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएलएफ की अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि सीएलएफ कार्यालय का संचालन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष की देखरेख में होता है। सोमवार शाम करीब 5 बजे कार्यालय बंद कर लेखापाल अपने घर चली गई थीं। इसके बाद देर रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर कार्यालय से 18 कुर्सियां, दो सीलिंग पंखे, दो टेबल, चार बल्ब, एक दरी समेत सैकड़ों दस्तावेज व कागजात लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना को लेकर अध्यक्ष सुनंदा देवी, सचिव गुड़िया देवी एवं कोषाध्यक्ष कुसुम देवी ने थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।





















Total Users : 1175954
Total views : 3006910