गरीब के समक्ष रहने का संकट, अंचलाधिकारी से मुआवजे व सहायता की मांग; मुखिया ने बीडीओ को दी सूचना
हंटरगंज (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के जबड़ा पंचायत अंतर्गत तरवाडीह गांव निवासी प्रमोद यादव, पिता रामदेव यादव का घर पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण धराशायी हो गया। घर गिरने से पीड़ित परिवार के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। भुक्तभोगी प्रमोद यादव ने मामले को लेकर अंचलाधिकारी से उचित मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रमोद यादव ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उनका घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पंचायत के मुखिया चैतू यादव प्रशासनिक स्तर पर सहयोग दिलाने के लिए पहल करेंगे। अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
मुखिया बोले- बीडीओ को दी गई घटना की जानकारी
इधर, पंचायत के मुखिया चैतू यादव ने कहा कि घटना की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी को दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास स्वीकृत करना मुखिया के कार्यक्षेत्र में नहीं आता है। इसलिए वे पीड़ित परिवार को पक्का आवास स्वीकृत कराने में सक्षम नहीं हैं। मुखिया ने कहा कि संबंधित मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है। अब पीड़ित परिवार को प्रशासनिक स्तर से मिलने वाली सहायता की उम्मीद है।




















Total Users : 1174657
Total views : 3005262