बाइक मरम्मत, सर्विसिंग और वाशिंग की सुविधा उचित दर पर उपलब्ध, युवाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड क्षेत्र में बाइक चालकों को बेहतर मरम्मत एवं सर्विसिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुंदा-प्रतापपुर मुख्य मार्ग स्थित बीरेन्द्र साव के मकान में केके बाइक वर्कशॉप का शुभारंभ किया गया। वर्कशॉप का उद्घाटन मुखिया मनोज कुमार साहू ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर मुखिया मनोज कुमार साहू ने वर्कशॉप संचालक खिलेश्वर कुमार महतो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर बाइक मरम्मत और सर्विसिंग की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को छोटी-बड़ी खराबियों के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़कर इस तरह के व्यवसाय से जुड़ना चाहिए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
वर्कशॉप संचालक खिलेश्वर कुमार महतो ने बताया कि यहां बाइक की सर्विसिंग, मरम्मत, वाशिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य उचित एवं सस्ती दर पर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर और संतोषजनक सेवा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
वर्कशॉप शुरू होने से कुंदा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बाइक चालकों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए संचालक को शुभकामनाएं दीं। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि विनोद साव, विनोद कुमार महतो, अजीत यादव समेत स्थानीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।




















Total Users : 1171235
Total views : 3000667