कई दिनों से अंधेरे में बाजार का बड़ा हिस्सा, नया ट्रांसफार्मर नहीं लगने से ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी
हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत पाण्डेयपुरा बाजार का ट्रांसफार्मर जल जाने से बाजार का बड़ा हिस्सा बिजली संकट की चपेट में है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा के कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर जलने के बाद से बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। इसके बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खासकर शाम होते ही बाजार के बड़े हिस्से में अंधेरा छा जाता है, जिससे दुकानदारों को दुकान संचालित करने में काफी परेशानी होती है।
दुकानदारों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से शाम के समय ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों को भी बिजली से जुड़े दैनिक कार्यों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को समस्या की जानकारी होने के बावजूद समाधान में हो रही देरी समझ से परे है। लोगों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा बाजार में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे विभाग के वरीय अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। अब लोगों की नजर बिजली विभाग की पहल पर है कि पाण्डेयपुरा बाजार को बिजली संकट से कब तक निजात मिलती है।




















Total Users : 1171235
Total views : 3000667