Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने महिला ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

बचाने के प्रयास में पुत्र और एएसआई भी झुलसे, गंभीर महिला रिम्स रेफर

चतरा। जिला मुख्यालय के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के समीप बुधवार को जमीन पर दखल-दहानी कराने पहुंची प्रशासनिक टीम के समक्ष उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। महिला को बचाने के प्रयास में उसका पुत्र धीरज कुमार और पुलिस के एएसआई प्रवीण कुमार भी आंशिक रूप से झुलस गए। घटना के बाद पुलिस ने झुलसी महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

झुलसी महिला की पहचान रीना देवी, पति स्व. नरेश प्रसाद कसेरा के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में महिला का इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार वह गंभीर रूप से झुलसी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बताया कि महिला 70 प्रतिशत से अधिक झुलसी है। वहीं धीरज कुमार और एएसआई प्रवीण कुमार का भी सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।

परिजनों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल

घटना के बाद महिला के परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहा है। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना के अचानक घर खाली कराने के लिए प्रशासनिक टीम पहुंच गई। परिजनों ने मारवाड़ी मोहल्ला निवासी प्रदीप स्वामी पर भी जमीन से संबंधित गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

महिला के आग लगाने की घटना के बाद केशरी चौक और गौरक्षणी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं, सदर अस्पताल में भी झुलसे लोगों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एएसआई ने बताया घटनाक्रम

महिला को बचाने के दौरान झुलसे एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि वे सीओ एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ जमीन पर दखल-दहानी कराने पहुंचे थे। इस दौरान वहां पहले से रह रहे लोगों एवं अन्य लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

एएसआई के अनुसार, इसी दौरान करण कुमार नामक एक युवक डिब्बे में पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़कने लगा। बचाव के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा माचिस जलाए जाने के बाद महिला आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि तत्काल बचाव एवं उपचार की कार्रवाई की गई, जिससे बड़ी घटना होने से टल गई।

घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, जमीन के स्वामित्व एवं दखल-दहानी से जुड़े विवाद तथा आग लगने की घटना के वास्तविक कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment