हिंदी विषय में 93.33 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार और गांव का नाम किया रोशन
मयूरहंड (चतरा)। चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मधनिया गांव की बेटी पिंकी कुमारी ने कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली पिंकी ने अपने पहले प्रयास में ही यूजीसी-नेट परीक्षा क्वालीफाई कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। हिंदी विषय में उन्होंने 93.33 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी सफलता से अब असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के साथ-साथ पीएचडी में प्रवेश का रास्ता भी खुल गया है।
पिंकी कुमारी रामपुरुष दांगी एवं रीना देवी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन और अपने चाचा अनुज कुमार दांगी के मार्गदर्शन को दिया है। हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत अनुज कुमार दांगी स्वयं तीन बार यूजीसी-नेट क्वालीफाई कर चुके हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और तैयारी की सही रणनीति ने पिंकी को लक्ष्य हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पिंकी ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, नियमित मेहनत और आत्मविश्वास के साथ ग्रामीण परिवेश में रहकर भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बताया कि संसाधनों की कमी को उन्होंने कभी अपनी पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए निरंतर तैयारी करती रहीं।
पिंकी की सफलता की खबर मिलते ही मधनिया गांव सहित रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पिंकी की उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिली इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर संसाधनों की सीमाओं को पार कर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।





















Total Users : 1141730
Total views : 2968408