परिचित के मोबाइल नंबर से आया था लिंक, क्लिक करने के बाद मोबाइल हैक होने का दावा; पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। पांडेपुरा गांव निवासी अब्दुल जब्बार को व्हाट्सऐप पर आए एक लिंक पर क्लिक करना महंगा पड़ गया। लिंक पर क्लिक करने के कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 9,999 रुपये की निकासी हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम के टोल फ्री नंबर पर करने के साथ हंटरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अब्दुल जब्बार ने बताया कि उनका बैंक खाता बैंक ऑफ इंडिया की हंटरगंज शाखा में है। 28 अगस्त की शाम उनके व्हाट्सऐप पर उनके मौसेरे भाई शाकिर हुसैन के मोबाइल नंबर से एक लिंक आया था। परिचित के नंबर से लिंक आने के कारण उन्होंने बिना किसी संदेह के उस पर क्लिक कर दिया।
लिंक खोलते ही मोबाइल हैक होने का दावा
पीड़ित के अनुसार, लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें मोबाइल हैक होने की आशंका हुई। कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से एक बार में 9,999 रुपये निकल गए। खाते से राशि निकासी का संदेश मोबाइल पर आते ही अब्दुल जब्बार परेशान हो गए। उन्होंने तत्काल सतर्कता बरतते हुए खाते में बची राशि को दूसरे बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिया, ताकि आगे किसी प्रकार की निकासी न हो सके।
साइबर क्राइम नंबर पर शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद अब्दुल जब्बार ने साइबर क्राइम के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद हंटरगंज थाना पहुंचकर मामले की प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद हंटरगंज पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं के बीच यह मामला लोगों के लिए भी सावधानी का संदेश है। परिचित व्यक्ति के मोबाइल नंबर से लिंक आने पर भी उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना उस पर क्लिक नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक, संदेश या फोन कॉल के माध्यम से बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से बचने की जरूरत है।























Total Users : 1141723
Total views : 2968401