बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, भाइयों ने रक्षा का लिया संकल्प; बाजारों में भी दिखी पर्व की रौनक
चतरा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार, 28 अगस्त को चतरा जिले के प्रतापपुर, हंटरगंज, सिमरिया, इटखोरी, पत्थलगड़ा और गिद्धौर समेत पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-आंगन में पर्व की रौनक देखने को मिली। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों को तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाने के बाद उनकी कलाई पर राखी बांधी। बहनों ने भाइयों के सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।
राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने तथा उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। कई परिवारों में वर्षों बाद भाई-बहनों का मिलन हुआ। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी रक्षाबंधन के अवसर पर एक-दूसरे से मिलने पहुंचे। इससे परिवारों में भावुकता के साथ खुशी का माहौल देखने को मिला।
बाजारों में दिनभर रही चहल-पहल
रक्षाबंधन को लेकर प्रतापपुर, हंटरगंज, सिमरिया, इटखोरी, पत्थलगड़ा और गिद्धौर समेत विभिन्न प्रखंडों के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। छोटी बच्चियों से लेकर महिलाओं तक में राखी को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। पर्व के दौरान पूरे जिले में भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और आपसी विश्वास की भावना देखने को मिली। घरों में राखी बांधने और मिठाई खिलाने का सिलसिला देर तक चलता रहा।






















Total Users : 1140568
Total views : 2966866