नौकरी में पारदर्शिता और कथित पेपर लीक के खिलाफ छात्र-युवाओं ने भरी हुंकार, आंदोलन की चेतावनी
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय के ब्लॉक मोड़ पर मंगलवार को छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही युवाओं एवं स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूल-माला पहनाकर तथा नारेबाजी कर उनका जोरदार स्वागत किया।
स्वागत के बाद ब्लॉक मोड़ के समीप सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में छात्र, बेरोजगार युवा एवं ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘झारखंड में नौकरी बेचना बंद करो’, ‘छात्र एकता जिंदाबाद’ और ‘झारखंड राज्य जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखे बैनर एवं पोस्टर थे।
नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने नौकरी की कथित खरीद-बिक्री और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के छात्र और युवाओं की लड़ाई है। उन्होंने युवाओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्र संगठन लगातार नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं लाती और कथित अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाती है, तो पूरे झारखंड में छात्र संघ की ओर से आंदोलन तेज किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्रों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। मौके पर गिद्धौर प्रखंड के दर्जनों छात्र, युवा एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




















Total Users : 1137551
Total views : 2962633