Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

कौलेश्वरी पहाड़ पर तालाब में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

भगवान शिव के दर्शन के बाद नहाने के दौरान हादसा, धाम की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध कौलेश्वरी पहाड़ पर मंगलवार को दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक सम्राट सिंह की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा भगवान शिव मंदिर के समीप स्थित तालाब में हुआ। मृतक पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिडिलिया गांव का निवासी बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, सम्राट सिंह भगवान भोलेनाथ और माता कौलेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए कौलेश्वरी पहाड़ पहुंचे थे। इसी दौरान शिव मंदिर के समीप स्थित तालाब में नहाने के क्रम में वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद कौलेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, वहां तालाब जैसे संवेदनशील स्थान पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होना जरूरी है।

स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि तालाब का पानी गहरा और जोखिमपूर्ण है, तो संवेदनशील हिस्से की घेराबंदी क्यों नहीं की गई? श्रद्धालुओं को खतरे से आगाह करने के लिए पर्याप्त चेतावनी बोर्ड क्यों नहीं लगाए गए और प्रशिक्षित बचाव दल या सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? कौलेश्वरी पहाड़ आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ पर्यटन स्थल भी है। ऐसे में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तालाब सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग उठ रही है।

परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था सम्राट

सम्राट सिंह की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि वह परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके निधन से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी हो गई है। मृतक के पिता रामू सिंह, छोटे भाई प्रीतम तथा बहनें रिंकी और रिकू इस घटना से गहरे सदमे में हैं। जिस बेटे के सहारे परिवार की उम्मीदें जुड़ी थीं, उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार मातम में डूब गया है।

भविष्य में हादसे रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग

घटना ने एक बार फिर कौलेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कौलेश्वरी विकास प्रबंधन समिति से मांग की है कि घटना से सबक लेते हुए तालाब के आसपास चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा घेरा, पर्याप्त रोशनी और प्रशिक्षित बचाव दल की व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था के इस महत्वपूर्ण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment