मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर, प्रखंड में 50 प्रतिशत एसआईआर कार्य पूरा
पत्थलगड़ा (चतरा)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सोमवार को पत्थलगड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी उदल राम ने प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंघानी बूथ संख्या 142, 143 एवं 144 सहित अन्य मतदान केंद्रों पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि पात्र नए मतदाताओं के नाम समय पर जोड़े जाएं तथा कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही मृत, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अभिलेखों की भी जांच की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। बीडीओ ने कहा कि एसआईआर अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पत्थलगड़ा प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है।
इधर, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शशिकांत मेहता ने भी सोमवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने एसआईआर कार्य के दौरान बीएलओ को आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान में सहयोग करते हुए अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।






















Total Users : 1074634
Total views : 2875592