पूर्व मंत्री की पहल से सुलझा विवाद, रमकंडा में लौटा सौहार्द
झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा में रामनवमी जुलूस को लेकर पिछले कुछ घंटों से बना तनाव आखिरकार समाप्त हो गया। गुरुवार को हुई अप्रिय घटना के बाद शुक्रवार को पूरे इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में रामनवमी जुलूस निकाला गया।
इस संवेदनशील स्थिति को संभालने और आपसी विवाद को सुलझाने में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की भूमिका बेहद अहम रही। उनकी पहल पर न सिर्फ दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित हुआ, बल्कि जुलूस को पारंपरिक मार्ग से निकालने पर सहमति भी बनी। खुद मिथिलेश ठाकुर जुलूस में शामिल हुए और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
विवाद का केंद्र रहे कौआखोह शिव चबूतरा मार्ग पर तनाव को खत्म करने के लिए पूर्व मंत्री ने दुर्गा बाड़ी मंदिर पहुंचकर स्थानीय लोगों और हिंदू समुदाय के प्रबुद्धजनों से शांतिपूर्ण वार्ता की। इस पहल के बाद माहौल सामान्य हुआ और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ चबूतरे तक पहुंचकर महावीरी पताका फहराई।
जुलूस के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही थी। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि किसी भी अप्रिय घटना की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई। पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि रमकंडा की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब के लिए रही है। यहां सभी समुदाय मिलकर त्योहार मनाते आए हैं और इस परंपरा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कुछ लोगों पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे तत्वों को समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा।
गुरुवार की घटना के बाद जहां शुक्रवार सुबह तक बाजार बंद और सड़कों पर सन्नाटा पसरा था, वहीं जुलूस के शांतिपूर्ण आयोजन के बाद पूरे इलाके में फिर से सामान्य स्थिति लौट आई। गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, आरएसएस के जिला संयोजक सोनू सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी मौके पर पहुंचकर शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल, प्रशासन की सतर्कता और जनप्रतिनिधियों की पहल से रमकंडा में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और क्षेत्र में शांति व सौहार्द का माहौल कायम हो गया है।























Total Users : 869105
Total views : 2593317