Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल

सोना लूटकांड का खुलासा, दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, लूटे गए आभूषण बरामद

चतरा। विगत 21 दिसंबर को झारखंड-बिहार सीमा पर हंटरगंज थाना क्षेत्र में घटित सोना लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। चतरा एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल बिहार के दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को लूटे गए आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट का लगभग 5.41 ग्राम सोना, कुल 19 अलग-अलग आभूषण बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ संदीप सुमन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 21 दिसंबर को हंटरगंज थाना क्षेत्र के गोसाईंडीह स्थित गणपति पेट्रोल पंप के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा शेरघाटी के एक स्वर्ण व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में गया जिला अंतर्गत शेरघाटी के गोला बाजार निवासी स्वर्ण व्यापारी संतोष कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर हंटरगंज थाना में लूट की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने बिहार राज्य से संतोष चौधरी उर्फ ढकनी को गया जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भजेदा गांव से तथा सिकंदर रजक को शेरघाटी थाना क्षेत्र के चेरकी इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषणों के अलावा घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद आभूषणों में कान का टॉप (एक जोड़ा), कान का पल्ला, ढोलना एक पीस, नकबेसर आठ पीस एवं आठ नथुनी शामिल हैं। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार संतोष चौधरी के विरुद्ध झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में कुल 15 मामले दर्ज हैं, जबकि सिकंदर रजक के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों अपराधी पूर्व में जेल जा चुके हैं। इस कार्रवाई में एसडीपीओ श्री सुमन के साथ थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई रूपेश कुमार, एसआई पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, एएसआई सुनील कुमार दुबे सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

चट्टी बाजार में जाम पर दुकानदार से मारपीट, वायरल वीडियो; नामजद एफआईआर, पुलिस जांच शुरू

चतरा। जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के केदली चट्टी बाजार में दुकानदार और ग्राहकों पर मारपीट का वीडियो गुरुवार दोपहर से तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक दुकानदार को पीटते दिखे, जबकि एक ग्राहक छुड़ाने के प्रयास में खुद पीटा गया। पीड़ित दुकानदार सागर कुमार के अनुसार, बुधवार शाम बाजार में जाम लगने पर उन्होंने कार चालक से वाहन पीछे करने को कहा। इससे गुस्साए आरोपी रिशु प्रजापति, सुमित रावत, चंदन कुमार, निखिल कुमार, इशांत कुमार, अमन कुमार, विवेक कुमार समेत आधा दर्जन युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोग जुटे तो मामला शांत हुआ, लेकिन थाने सूचना देने जाते समय आरोपी दुकान पर लौट आए और फिर पीटाई की। सीसीटीवी में पूरा वाकया कैद हो गया। दुकानदार दहशत में हैं। ग्राहक जयप्रकाश कुमार, बीना देवी, बांकी के सुनील यादव, कोबना के आशुतोष कुमार, केदली चट्टी के संजीत कुमार समेत आधा दर्जन लोग बचाने पहुंचे, तो उन्हें भी चोटें आईं। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज हुआ। पीड़ित ने हंटरगंज थाने में नामजद आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच में जुट गई है।

🔴 हथियारबंद बदमाशों का तांडव, पेट्रोल पंप पर 3 लाख की बड़ी लूट, CCTV तोड़ मचाई दहशत

इलाके में अपराधियों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब पेट्रोल पंप भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर धावा बोलते हुए हथियार के बल पर कर्मियों को बंधक बनाया, उनके साथ मारपीट की और लाखों रुपये की लूट कर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


गिद्धौर (चतरा) | News Scale Live

गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेय महुआ–ब्रह्मपुर पथ पर स्थित इंदु फ्यूल पेट्रोल पंप में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, दो अपाची बाइक पर सवार पांच नकाबपोश अपराधी पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। सभी अपराधी पिस्टल से लैस थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने आते ही पेट्रोल पंप कर्मियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान लातेहार जिले के तोतीहेसला गांव निवासी दयानंद सिंह और गिद्धौर थाना क्षेत्र के बारिसाखी निवासी सौरभ पाण्डेय के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

अपराधियों ने दहशत फैलाते हुए पेट्रोल पंप से करीब तीन लाख रुपये नकद लूट लिए। लूटपाट के बाद अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बदमाशों ने पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, पूरी वारदात कैमरे के डीवीआर में रिकॉर्ड हो चुकी है।

पंप कर्मियों ने बताया कि वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने हथियार दिखाकर सभी को काबू में कर लिया और महज कुछ ही मिनटों में लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

भटकती गर्भवती महिला को मिला पुलिस का सहारा, मानवीय पहल से परिजनों से हुआ पुनर्मिलन

रात के अंधेरे में असहाय अवस्था में भटक रही एक गर्भवती महिला की आंखों में डर और अनिश्चित भविष्य की चिंता साफ झलक रही थी। पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़ चुकी यह महिला जब मदद की उम्मीद खोने लगी, तभी मानवीय संवेदना और पुलिस की तत्परता उसके लिए संजीवनी बनकर सामने आई।

लोहरदगा। पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर भटक रही एक गर्भवती महिला को लोहरदगा महिला पुलिस की मानवीय पहल ने नया सहारा दिया। जिले के शहरी क्षेत्र स्थित महावीर चौक पर भटकती हुई गर्भवती महिला को महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम और उनकी टीम के सहयोग से सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्भवती महिला की पहचान लातेहार जिले के दोबा गांव निवासी आनंद भेंगरा की 30 वर्षीय पत्नी अंजली टोपनो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद अंजली टोपनो घर से निकल गई थी और भटकते हुए लोहरदगा के महावीर चौक पहुंच गई।

महावीर चौक पर गर्भवती महिला को असहाय स्थिति में देखकर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 के माध्यम से महिला थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।

महिला की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल देखरेख के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया। इसके बाद महिला थाना की टीम द्वारा परिजनों की पहचान और खोजबीन शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।

परिजनों की पुष्टि होने के बाद महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम के निर्देश पर महिला पुलिस की टीम ने गर्भवती महिला को उसके पैतृक गांव दोबा (लातेहार जिला) तक सुरक्षित पहुंचाया और परिजनों को सौंप दिया।

इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम के साथ सहायक पुलिस कर्मी संदीप राम, महिला आरक्षी शिला कुमारी, महिला आरक्षी सुशांति कुमारी और महिला हवलदार राधा टुडू का सराहनीय योगदान रहा।

महिला पुलिस की इस संवेदनशील और जिम्मेदार पहल से न सिर्फ एक गर्भवती महिला को सुरक्षित परिवार का सहारा मिला, बल्कि समाज में पुलिस की मानवीय छवि भी मजबूत हुई है।

✍️ रिपोर्ट: News Scale Live – ब्यूरो
📍 लोहरदगा, झारखंड

आधी रात पूर्व नक्सलियों का खूनी हमला, 2 की मौत… 2 गंभीर, SP ने कहा– आपसी रंजिश

आधी रात… लोहे की ग्रिल टूटती है, घर के भीतर गोलियां गूंजती हैं, चीख-पुकार और फिर भीड़ का शोर। चतरा के गेन्द्रा गांव में नक्सली अतीत से जुड़ी पुरानी रंजिश ने देर रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।

 

कुंदा (चतरा) — चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेन्द्रा गांव में रविवार देर रात करीब 12 बजे पूर्व में नक्सली रह चुके चुरामन गंझू और देवेंद्र गंझू ने एक घर की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसते हुए जीजा-साला पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी।

गोलीबारी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए—

  • श्याम भोक्ता (पिता: सेवा गंझू, गेन्द्रा गांव निवासी) — कंधे में गोली लगी

  • गोपाल भोक्ता (पिता: बसंत गंझू, मघनिया, थाना लावालौंग निवासी) — सिर में गोली लगी

गोलियों की आवाज़ सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद दोनों हमलावरों को परिजनों ने पकड़ लिया

सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीणों द्वारा की गई पिटाई में दोनों पूर्व नक्सलियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान चुरामन गंझू और देवेंद्र गंझू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पहले TSPC/TSPC जैसे प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़े रहे थे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक देवेंद्र गंझू के खिलाफ विभिन्न थानों में तीन दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे, और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

वहीं घायल श्याम भोक्ता भी NIA केस में अभियुक्त बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ 4 मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। घटना के बाद श्याम भोक्ता ने अपने बयान में कहा कि—

“इस वारदात को माओवादियों ने अंजाम दिया है, पूर्व में लेवी की मांग को लेकर पर्चा भी जारी किया गया था।”

हालांकि पुलिस प्रशासन की शुरुआती जांच कुछ और ही इशारा कर रही है।

चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने स्पष्ट करते हुए कहा—

“मृतक और घायल सभी पूर्व नक्सली रहे हैं, इसलिए प्रथम दृष्टया यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है।”

क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। वहीं घायल श्याम भोक्ता ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की है।

🔍 पुलिस जांच जारी है, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जल्द संभव।

📺 झारखंड की हर बड़ी खबर सबसे पहले और सटीक, सिर्फ News Scale Live पर। भरोसा वही, खबर नई।

पुलिस की बड़ी सफलताः टीएसपीसी के 4 उग्रवादी हथियार सहित गिरफ्तार, ट्रक फायरिंग का खुलासा

चतरा। जिले में सक्रिय टीएसपीसी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली कि पिपरवार थाना क्षेत्र के बेंती मैदान के पास उग्रवादी साजिश रच रहे हैं। सूचना के आलोक में एसडीपीओ टंडवा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल ने घेराबंदी कर 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। एसपी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार निरंजन गंझू उर्फ जठल गंझू, लालबिहारी कुमार गंझू, रामलाल कुमार गंझू व अरविंद कुमार गंझू के पास से 1 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस (7.62 एमएम), 3 मोबाइल फोन व पैशन प्रो मोटरसाइकिल जेएच 01एजे 3117 बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने 16 दिसंबर को एके टी गैरेज के पास ट्रक चालक पर लेवी वसूली के लिए फायरिंग करने की बात कबूल की। खलारी थाने में आर्म्स एक्ट व बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। निरंजन गंझू शातिर अपराधी है, पिपरवार थाने में उसके खिलाफ रंगदारी, लेवी, आगजनी व आर्म्स एक्ट के 6$ मामले लंबे समय से दर्ज हैं। लालबिहारी व रामलाल बेंती गांव के निवासी हैं, जबकि अरविंद रांची के बुढ़मू का। पिपरवार थाने में कांड संख्या 38/2025 दर्ज कर आर्म्स एक्ट व 17 सीएलए एक्ट के तहत न्यालय में पुस्तुत कर सभी उग्रवादियों को जेल भेजा दिया गया। पुलिस अब उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

स्कूल में महिला-बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को दी गई डायल 112-1930 की जानकारी

चतरा। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर महिला थाना चतरा द्वारा होली गार्डन पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं को बाल विवाह, लैंगिक अपराध, घरेलू हिंसा व महिला उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी महिला थाना प्रभारी सुषमा कुमारी द्वारा दी गई। कार्यक्रम में डायल 112 के बारे में बताया गया कि आपात स्थिति में तुरंत इस नंबर पर कॉल करें। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। साइबर अपराध से बचाव हेतु डायल 1930 का जिक्र किया गया। छात्रों को सलाह दी गई कि अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अनजान कॉल न लें व ओटीपी किसी से शेयर न करें। अफीम की खेती-बिक्री रोकथाम पर भी जागरूक किया गया। वरीय पदाधिकारियों के संपर्क नंबर दिए गए। अपराध की सूचना महिला थाना या इन नंबरों पर करने को कहा गया।

बैंक में महिला का पर्स चोरी, आधार-पैन सहित जरूरी कागजात गायब; तीसरी घटना से दहशत

गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया से एक महिला का पर्स चुरा लेने वाली अज्ञात महिला फरार हो गई। पीड़िता क्रांति देवी पत्नी राजेश सिंह पिंडारकोण गांव की निवासी हैं। पीड़िता ने बताया कि पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, जमीन की रसीद, बैंक पासबुक सहित कई जरूरी कागजात थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक मैनेजर से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, लेकिन चोर की पहचान नहीं हो सकी। इस तरह की घटना बैंक ऑफ इंडिया में तीसरी बार हुई है। इससे चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और इलाके में दहशत फैल रही है। पुलिस को शिकायत दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।

टीएसपीसी उग्रवादियों की धमकी से रेल निर्माण ठप, मजदूरों पर मारपीट व फायरिंग से दहशत

गिद्धौर (चतरा)। चतरा-हजारीबाग क्षेत्र में सक्रिय टीएसपीसी की पूर्वी-पश्चिमी सीमांत सब-जोनल कमिटी (कौशल जी) ने पर्चा बांटकर काम बंद करने की चेतावनी दी है। यह कमिटी चतरा जिले के पथलगड़ा, सिमरिया, टंडवा, केरेडारी, बड़कागांव तथा हजारीबाग सीमांत क्षेत्रों में सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार, गिद्धौर थाना क्षेत्र के द्वारी रेलवे लाइन पर काम कर रहे मजदूरों के साथ रविवार रात उग्रवादियों ने मारपीट की। उन्होंने हवाई फायरिंग कर लाल सलाम के नारे लगाते हुए जंगल के नाम पर काम बंद करने का ऐलान किया। पर्चे में संगठन ने चेतावनी दी है, क्षेत्र में चल रहे सभी कोयला खदानें, डीओ होल्डर, ट्रांसपोर्टिंग कंस्ट्रक्शन कंपनियां, एनटीपीसी, एलएंडटी, रेलवे ठेकेदार एवं जमीन दलाल सावधान रहें। हमारे संगठन से बात किए बिना कोई कार्य शुरू न करें, वरना फौजी कार्रवाई की जाएगी। जब तक अंतिम बातचीत पूरी नहीं होती, तब तक रेलवे निर्माण कार्य बंद रहेगा। घटना के बाद सोमवार को रेलवे निर्माण कार्य पूरी तरह ठप रहा। गोलीबारी की घटना से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। मजदूरों व स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है, जबकि पुलिस-प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।

चंद्रवंशी समाज का वनभोज सह सम्मान समारोह आयोजित

सुबह की ठंडी हवा, नदी किनारे जुटा समाज और आपसी एकता का संदेश… परंपरा, सम्मान और भविष्य की दिशा तय करने का एक ऐसा अवसर, जहाँ समाज के लोग एक मंच पर आकर अपने गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए शिक्षा, एकजुटता और सामाजिक विकास का संकल्प लेते नजर आए। सम्मान और संवाद से भरे इस आयोजन में समाज के उत्थान को लेकर कई अहम संदेश दिए गए।

मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड प्रखंड के करकरा नदी तट पर अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय मयूरहंड शाखा के तत्वावधान में वनभोज सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष राजू चंद्रवंशी को सांसद द्वारा पशुपालन एवं कृषि विभाग का प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने पर समाज की ओर से सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए हजारीबाग एवं चतरा जिला सभा के कार्यकारी अध्यक्ष छत्रधारी चंद्रवंशी ने कहा कि चंद्रवंशी समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही अनमोल रत्न है, इसके बिना मानव का विकास संभव नहीं है। उन्होंने बच्चों को शिक्षित कर समाज के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

मयूरहंड शाखा संगठन सचिव अनिल चंद्रवंशी ने कहा कि चंद्रवंशी समाज को एकजुट होकर नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में कार्य करना चाहिए। वहीं मयूरहंड प्रखंड जिला परिषद सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि चंद्रवंशी समाज सामाजिक कार्यों में सदैव आगे रहा है। जागरूकता के कारण समाज के बच्चे आज नीट, रेलवे, सीमा सुरक्षा बल, वन विभाग, शिक्षक और इंजीनियर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अध्यक्ष मुरली चंद्रवंशी, करुणा चंद्रवंशी, प्रदीप चंद्रवंशी, सुनील चंद्रवंशी, अशोक चंद्रवंशी एवं नीरज चंद्रवंशी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवकुमार चंद्रवंशी, सुनील चंद्रवंशी, राहुल चंद्रवंशी, बाबूलाल चंद्रवंशी, सूरज चंद्रवंशी, लक्ष्मी चंद्रवंशी, आकाश चंद्रवंशी, कैलाश चंद्रवंशी, मदन चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, मुद्रिका चंद्रवंशी, प्रकाश चंद्रवंशी, गणेश चंद्रवंशी, अभिमन्यु चंद्रवंशी, बसंत चंद्रवंशी, भीम चंद्रवंशी, रतंदेव चंद्रवंशी सहित समाज के कई लोग उपस्थित थे।