पटेल चौक और जशपुर रोड के दुकानदारों को सिंगल-यूज प्लास्टिक छोड़ने का दिया संदेश; वीआईटी वेल्लोर की छात्रा ताशा झा ने कहा- पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाना है लक्ष्य; स्कूल इको क्लब सचिव शिव कुमार गुप्ता और छात्र आर्यन कुमार सिंह ने दिया सहयोग
गुमला (झारखंड), 4 नवंबर 2026: गुमला में पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। प्रेरणा: एक अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (बैच 40, साइकिल 1) की छात्रा ताशा झा के नेतृत्व में किशोरों द्वारा पटेल चौक और जशपुर रोड के पास लगभग 50 कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।
वीआईटी वेल्लोर की छात्रा और DAV की पूर्व छात्रा हैं ताशा
वीआईटी वेल्लोर की छात्रा और डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला की पूर्व छात्रा ताशा झा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय दुकानदारों और आम जनता को सिंगल-यूज प्लास्टिक के प्रयोग से दूर रहने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
“लोगों को प्रकृति के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना है”
डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला के स्कूल इको क्लब के सचिव शिव कुमार गुप्ता ने कहा कि हमारा उद्देश्य लोगों को प्रकृति के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना है। वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला के छात्र आर्यन कुमार सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि यह छोटी सी कोशिश शहर में एक बड़ा बदलाव ला सकती है और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
दुकानदारों ने किया सकारात्मक स्वागत
अभियान के दौरान स्थानीय दुकानदारों को विशेष रूप से सजाए गए कपड़े के थैले भेंट किए गए और उनसे पॉलीथिन का इस्तेमाल कम करने का आग्रह किया गया, जिसे दुकानदारों ने भी सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
पर्यावरण संरक्षण में लंबे समय से सक्रिय हैं ताशा
यह पहली बार नहीं है जब ताशा झा पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आई हैं। वे पिछले कई वर्षों से लगातार पर्यावरण जागरूकता अभियानों में सक्रिय हैं। इससे पहले भी उन्होंने एनसीसी कैडेट के रूप में ‘से नो टू प्लास्टिक’ और ‘सेव वाटर, सेव अर्थ’ जैसे संदेशों वाले कपड़े के थैले तैयार कर उनका वितरण किया है।
डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला के एनसीसी कैडेट्स (ट्रूप संख्या 18/46) द्वारा अब तक लगभग 5000 कपड़े के थैलों का वितरण किया जा चुका है। ताशा झा एक लेखिका भी हैं और उन्होंने ‘वी स्टैंड विद यू’ और ‘पंखुड़ियां’ नामक पुस्तकें लिखी हैं, जिन्हें इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी मान्यता मिल चुकी है।




















Total Users : 1258523
Total views : 3121662