सड़क, नल-जल, आवास, पेंशन और स्वास्थ्य-शिक्षा को लेकर नाराजगी; आवास में कमीशन का आरोप, ग्रामीण बोले- इस बार काम पर देंगे वोट
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड की अधिकांश पंचायतों में जनप्रतिनिधियों का पांच साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन पर विकास नजर नहीं आता। उनका कहना है कि चुनाव के समय बड़े वादे करने वाले जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति और वार्ड सदस्य अब जनता से दूरी बनाए हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
सड़क और नाली: ग्रामीणों के अनुसार पंचायतों के अधिकांश गांवों में आज भी पक्की सड़क नहीं है और बरसात में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। नाली निर्माण के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति का आरोप है।
नल-जल योजना: ग्रामीणों का कहना है कि हर घर नल-जल योजना के तहत लाखों खर्च कर जलमीनार तो लगा दी गई, लेकिन नलों में पानी नहीं आता। लोग आज भी चापाकल और नदी का पानी पीने को मजबूर हैं।
आवास में कमीशन का आरोप: ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास के नाम पर गरीबों से 10 से 20 हजार रुपये तक कमीशन लिया जा रहा है। कई जरूरतमंदों के नाम सूची में ही नहीं हैं।
शिक्षा-स्वास्थ्य: ग्रामीणों के मुताबिक कई विद्यालयों में चारदीवारी नहीं है और शौचालयों में ताला लगा है। आंगनबाड़ी केंद्र महीनों से बंद हैं, जबकि स्वास्थ्य उपकेंद्रों में डॉक्टर नहीं हैं।
पेंशन और राशन: वृद्धा और विधवा पेंशन के लिए सैकड़ों लोग सालों से दौड़ रहे हैं। राशन कार्ड में नाम जोड़ने के नाम पर पैसे वसूली का भी आरोप है।
ग्रामीणों की बात: एक ग्रामीण ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद मुखिया को गांव में देखा ही नहीं गया और काम पूछने पर फंड नहीं होने की बात कही जाती है। एक महिला समूह की सदस्य ने कहा कि पांच साल में पंचायत में एक बार भी ग्राम सभा ठीक से नहीं हुई, ऐसे में वे अपनी समस्या किससे कहें।
ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि अपने और अपने चहेतों का विकास कर रहे हैं और योजनाओं का लाभ भी अपने लोगों को ही दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार वादों पर नहीं, काम पर वोट देंगे और पांच साल तक हाल न पूछने वालों से हिसाब लेंगे।






















Total Users : 1258360
Total views : 3121404