चार घंटे चला रेस्क्यू अभियान, इंजीनियर और मार्शल आर्ट ट्रेनर की मौत से इलाके में शोक
लोहरदगा। जोबांग और किस्को थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित अंवराझरिया झरने में नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा निवासी लाल अजय नाथ शाहदेव के 27 वर्षीय पुत्र रितेश शाहदेव उर्फ पप्पू तथा चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के सोहर कला निवासी श्याम बिहारी सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार सिंह उर्फ राजा के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, रूपेश कुमार सिंह अपनी मां के साथ एक दिन पहले अपने बीमार नाना-नानी से मिलने ननिहाल आया था। इसी दौरान वह अपने ममेरे भाई रितेश शाहदेव के साथ बाइक से घूमने निकला। दोनों किस्को-जोबांग मार्ग से होते हुए देवदरिया के समीप स्थित अंवराझरिया झरने पहुंचे। बताया गया कि दोनों झरने के काफी नीचे उतरकर नहाने लगे। झरने तक पहुंचने का रास्ता भी संकरा और दुर्गम पहाड़ी पगडंडी से होकर गुजरता है।

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान फिसलन भरे पत्थर पर रितेश का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। आशंका है कि गिरने के दौरान उसके सिर में चोट लगी। रितेश को डूबता देख उसे बचाने के लिए रूपेश भी पानी में उतर गया। परिजनों के अनुसार दोनों को तैरना नहीं आता था। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में डूब गए।
शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद उनके आखिरी लोकेशन के आधार पर तलाश की गई। इसी दौरान किस्को-जोबांग सड़क के किनारे झरने की ओर जाने वाले रास्ते में दोनों की बाइक खड़ी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने झरने के नीचे पहुंचकर तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान रितेश का शव पानी में तैरता हुआ मिला, लेकिन रूपेश का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटनास्थल पर दोनों के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें भी किनारे पर रखी मिलीं। इससे लोगों को आशंका हुई कि रूपेश भी गहरे पानी में डूब गया है। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने झरने की गहराई में उसकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद रूपेश का शव भी बरामद कर लिया गया।

दोनों मृतकों के बारे में बताया गया कि रूपेश कुमार सिंह इंजीनियर था, जबकि रितेश शाहदेव मार्शल आर्ट ट्रेनर के रूप में कार्य करता था। रितेश ने कई विद्यालयों और संस्थानों में मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया था। खेल के क्षेत्र में भी उसने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक हासिल किए थे। दोनों युवकों की असमय मौत की खबर से परिजनों, मित्रों और परिचितों में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ दिवाकर प्रसाद , इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक, किस्को थाना प्रभारी वारिश हुसैन, सब इंस्पेक्टर राजू उरांव और मुंशी शिवनाथ यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर विभिन्न समाजों के बड़ी संख्या में लोग भी जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


















Total Users : 1230605
Total views : 3081947