Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

गांधी जयंती पर चतरा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और सर्वधर्म सभा, उपायुक्त बोले – गांधी जी के सिद्धांतों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

फांसी तालाब स्थित शहीद स्मारक में उपायुक्त-एसपी ने किया माल्यार्पण, सूबेदार जय मंगल पांडेय और नादिर अली शाह को भी किया गया नमन

चतरा (झारखंड)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर चतरा जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक, फांसी तालाब परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीएसपी मुख्यालय सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य पदाधिकारियों ने भी महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अमर शहीदों को भी किया गया नमन

शहीद स्मारक परिसर में स्थापित देश की स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीर शहीदों सूबेदार जय मंगल पांडेय एवं सूबेदार नादिर अली शाह के चित्र पर भी माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया गया।

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई सर्वधर्म सभा

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान गांधी जी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारा एवं सद्भाव के विचारों को स्मरण करते हुए समाज में आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने पर बल दिया गया।

“सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी”

इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नीतियों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रासंगिक हैं।

उपायुक्त ने सर्वधर्म सभा के आयोजन के लिए सभी सहभागी प्रतिनिधियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने गांधी जी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संदेश सभी धर्मों के बीच प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करता है।

सत्य, अहिंसा और भाईचारे का संकल्प

सर्वधर्म सभा में उपस्थित लोगों ने सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में आपसी सौहार्द एवं शांति की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment