वृद्धाश्रम में वस्त्र, फल और जरूरी सामग्री बांटी, कहा- खुद को कभी अकेला महसूस न करें
गुमला। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विंध्याचल नगर स्थित संचार वृद्ध आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुमला नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला उरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की और उनकी जरूरतों एवं आश्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
वृद्धजनों के बीच बांटी आवश्यक सामग्री

नगर परिषद अध्यक्ष ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच वस्त्र, फल एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। उन्होंने सभी वृद्धजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि “आप सभी खुद को कभी अकेला महसूस न करें। मैं आपकी बेटी हूं और हर संभव मदद के लिए आपके साथ खड़ी हूं।” उन्होंने वृद्धजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को प्राथमिकता के साथ समझते हुए समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर

शकुंतला उरांव ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और संघर्ष की सीख आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वृद्ध माता-पिता का सम्मान, सेवा और देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को परिवार जैसा अपनापन और सम्मान मिले, इसके लिए समाज के सभी लोगों को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में गूंजा देवी, सुवर्णा देवी, गुड्डी नंदा, शुभम उरांव, विष्णु तिर्की, आश्रम के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


















Total Users : 1230605
Total views : 3081947