नवरात्र की भव्य कलश यात्रा में दिखेगा महाराष्ट्र का रंग, माता के जयकारों से गूंजेगा शहर
लोहरदगा। इस बार नवरात्र में लोहरदगा शहर एक ऐसे भव्य धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है, जिसकी गूंज लंबे समय तक लोगों के बीच बनी रहेगी। नवरात्र के पावन अवसर पर पहली बार महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पुनेरी ढोल की दमदार थाप लोहरदगा की सड़कों पर सुनाई देगी। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने नवरात्र की भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा को विशेष और यादगार बनाने के लिए महाराष्ट्र से विशेष रूप से पुनेरी ढोल की व्यवस्था की है।
ढोल की गूंज, माता के जयकारे, ध्वज-पताकाओं और आकर्षक झांकी के बीच निकलने वाली भव्य यात्रा पूरे शहर के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने वाली है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल है।

पुनेरी ढोल की थाप पर निकलेगी भव्य कलश यात्रा
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश साहू ने बताया कि इस वर्ष नवरात्र की कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए महाराष्ट्र से विशेष रूप से पुनेरी ढोल मंगाया जा रहा है। इसकी पूरी व्यवस्था समिति की ओर से की गई है। उन्होंने कहा कि नवरात्र केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का महापर्व है। इसी भावना के साथ इस वर्ष आयोजन को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
समिति के अनुसार भव्य कलश यात्रा पावरगंज चौक से शुरू होकर ठाकुरबाड़ी मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शोभायात्रा मनोकामना मंदिर होते हुए बरवाटोली तक निकाली जाएगी। यात्रा के आगे और पीछे विशेष रूप से ध्वज-पताकाओं की व्यवस्था रहेगी। वहीं आकर्षक झांकी भी श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी।

पारंपरिक वेशभूषा में नजर आएंगी माताएं-बहनें
इस बार कलश यात्रा की सबसे खास तस्वीर महिलाओं की सहभागिता होगी। बड़ी संख्या में माताएं और बहनें पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर यात्रा में शामिल होंगी। इससे कलश यात्रा में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी। वहीं जब महाराष्ट्र के पुनेरी ढोल की दमदार थाप के साथ श्रद्धालु माता के जयकारे लगाएंगे, तो शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय होने की उम्मीद है। समिति का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से लोहरदगा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया जाए।
श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की समुचित व्यवस्था भी केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की ओर से की जाएगी। आयोजन को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए समिति स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि नवरात्र की इस भव्य यात्रा में शहर के लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता रहेगी और धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देखने को मिलेगा।
बैठक में तैयारियों पर हुई चर्चा
आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश साहू, कार्यकारी अध्यक्ष कौशिक राज मेहता (राजन), कार्यकारी अध्यक्ष नितेश प्रजापति, महामंत्री रितेश वर्मा, सह महामंत्री हिमांशु केशरी, कोषाध्यक्ष बसंत साहू, विजय कुमार महतो (विक्की), वरिष्ठ उपाध्यक्ष निखिल गर्ग, निकुंज साहू, कौशल मित्तल, मिथलेश वर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समिति के अनुसार इस बार नवरात्र की भव्य कलश यात्रा में धर्म, संस्कृति और महाराष्ट्र की पारंपरिक ढोल वादन कला का अनोखा संगम देखने को मिलेगा, जो लोहरदगा के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।




















Total Users : 1230578
Total views : 3081910