नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, ज्ञान के साथ कौशल, व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर
हजारीबाग, संवाददाता। विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट (UDM) में मंगलवार को MBA इंडक्शन मीट-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में MBA सत्र 2026–28 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मिता रानी सिंह ने किया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन तथा संत विनोबा भावे के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के लिए किया प्रेरित

विभाग के निदेशक डॉ. मो. मुख्तार आलम ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि MBA की पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल, व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता के विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में फैकल्टी ऑफ कॉमर्स के डीन डॉ. एस.के. अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उनके उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और विभागीय गतिविधियों की जानकारी
इंडक्शन मीट के दौरान डॉ. कनुप्रिया गुप्ता ने विद्यार्थियों को सिलेबस से संबंधित जानकारी दी, जबकि डॉ. इंदर मणि भूषण कुजूर ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। डॉ. अहमद अज़हर ने विभागीय गतिविधियों, अनुशासन और अकादमिक अपेक्षाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि, रुचियों और भविष्य के करियर लक्ष्यों को साझा किया।

विभाग की गौरवपूर्ण यात्रा को किया याद
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट की स्थापना और विकास की यात्रा पर भी प्रकाश डाला गया। विभाग के विकास में प्रो. एम.के. सिंह तथा अन्य संस्थापक सदस्यों के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1230591
Total views : 3081924