Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराया कोयला लदा हाइवा, चालक की मौके पर मौत

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

गैस कटर से केबिन काटकर निकाला गया शव, परिजनों के हंगामे के बाद 6 लाख मुआवजे पर बनी सहमति

सिमरिया (चतरा), संवाददाता। सिमरिया थाना क्षेत्र के मुरवे स्टेडियम के समीप रविवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कोयला लदा हाइवा सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस टक्कर में हाइवा चालक 28 वर्षीय धिरंजन कुमार (ग्राम गर्री सिकरी, थाना बड़कागांव) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

केबिन में ही फंस गया चालक का शव

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का शव केबिन में ही फंस गया।

केरेडारी से कोयला लोड कर जा रहा था हाइवा

मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा केरेडारी स्थित पांडू कोल माइंस से कोयला लोड कर टोरी-चंदवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुरवे स्टेडियम के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे हाइवा सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, गैस कटर से काटा गया केबिन

घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया सीओ गौरव कुमार राय और थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए। केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में गैस कटर से केबिन को काटा गया और जेसीबी की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका।

मुआवजे की मांग पर हंगामा, अधिकारियों ने कराया शांत

चालक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने सूझबूझ से ग्रामीणों को शांत कराया।

6 लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति

इसके बाद कोल ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच वार्ता हुई, जिसमें मृतक के आश्रितों को छह लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी।

  • तत्काल 4 लाख रुपये का नकद भुगतान किया गया
  • शेष 2 लाख रुपये अगले एक-दो दिनों में देने का आश्वासन दिया गया

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। इस असमय मौत के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

न्यूज स्केल लाइव — सच से जुड़ी, भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment