6 माह में 6 करोड़ की लागत से होगा मंदिर परिसर का विकास, स्थापित होगा संस्कृत महाविद्यालय
इटखोरी (चतरा)। जिले की प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थली माता भद्रकाली मंदिर इटखोरी परिसर में सोमवार को अनवरत कीर्तन मंडली द्वारा अनवरत कीर्तन का 25वां वर्षगांठ समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिप उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी, न्यास समिति के अध्यक्ष वाई के सिंह चौहान, पूर्व विधायक उमा शंकर अकेला एवं रामानुज स्वामी उपस्थित रहे। समारोह में मंच संचालन श्याम प्रसाद सिंह ने किया। इस अवसर पर आए सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं माता भद्रकाली का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
न्यास समिति के अध्यक्ष वाई के सिंह चौहान ने कहा कि मंदिर परिसर में आने वाले सभी मंदिरों का विकास किया जाएगा, जिसके लिए कार्ययोजना चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 6 महीने के भीतर मंदिर परिसर में 6 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे तथा जल्द ही एक बड़े संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने मंदिर के रैयतों को भी आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी जमीन का एक-एक पैसा दिलवाया जाएगा। साथ ही उन्होंने रैयतों से एक एकड़ जमीन खरीदकर मंदिर में दान देने की अपील भी की।
जिप उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि हरि कीर्तन अनवरत चलता रहे। उन्होंने कहा कि पूरे 25 वर्षों से लगातार हरे राम हरे कृष्ण का नाम लिया जाना हमारे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पूर्व में चतरा उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र के नाम से जाना जाता था, लेकिन माता भद्रकाली के आशीर्वाद से आज चतरा धार्मिक स्थल के रूप में विख्यात है।
वहीं बरही के पूर्व विधायक उमा शंकर अकेला ने कहा कि हरि कीर्तन से वातावरण शुद्ध होता है और कीर्तन मंडली के वे सदस्य धन्यवाद के पात्र हैं जो लगातार 25 वर्षों से हरि कीर्तन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मंदिर का विकास होगा तो इससे क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस दौरान हरि कीर्तन कर रहे सदस्यों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख ऋषिबाला सिंह, अध्यक्ष शिवशेवक प्रसाद सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, सीताराम सिंह, आदित्य सिंह, डोमन राणा, सीताराम दांगी, लक्ष्मी सिंह, रामरक्षा सिंह, रामफल सिंह, यशवंत सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



















Total Users : 1218250
Total views : 3064921