WhatsApp Group Join Now

गुमला -भारत विकास परिषद की गुमला शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण मुहिम के अंतिम चरण में गुमला प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय,खोरा के प्रांगण में पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में परिषद के जिला पदाधिकारियों समेत विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किये जाने के उपरांत विद्यालय के छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में परिषद के पर्यावरण प्रमुख मनमोहन सिंह ने पौधरोपण एवं इनके नियमित संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए वायुमंडलीय अस्थिरता के लिए इसे प्रासंगिक बताया। महिला प्रमुख सैरेन्द्री दास ने कहा कि पेड़ लगाने से भी अधिक महत्वपूर्ण है उसे बचा कर रखना।पेड़ों को अस्तित्व में लाकर हीं आने वाले समय को सुरक्षित रखा जा सकता है।परिषद के सचिव राकेश कुमार वर्मा ने ग्लोबल वार्मिंग के दुष्परिणामों की व्याख्या करते हुए कहा कि अधिकाधिक पेड़,पौधे लगा कर ही वातावरण को संतुलित रखा जा सकता है। संरक्षक निर्मल कुमार गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि स्थूल पर्यावरण के दूषण के परिणामस्वरूप ही अतिवृष्टि और अनावृष्टि जैसे प्राकृतिक प्रकोपों में इजाफा देखा जा रहा है। वैज्ञानिक आविष्कारों के
दुरुपयोग एवं अनवरत प्रयोगों ने भी पर्यावरणीय प्रदूषण को जन्म दिया है। वास्तव में इस भयावह स्थिति से बचने का एकमात्र उपाय वृक्ष लगाने के सिवाय और कुछ नहीं है। उन्होंने स्कूली बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित किया। संरक्षक विनय कुमार लाल ने जन जीवन में आक्सीजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धुंआधार वृक्षों के पातन से पर्यावरण में असंतुलन व्याप्त है। सच्चाई ये है कि पर्यावरण का ख्याल रखना कोई एहसान नहीं अपितु हमारा दायित्व है। कोरोना काल के वैश्विक संकट को स्मरण दिलाते हुए उन्होंने बताया कि उस कालखंड़ ने मानव को आक्सीजन की महत्ता का बोध कराया है, जिसे विस्मृत नहीं किया जा सकता। अपने संबोधन के दौरान ही उन्होंने स्कूली बच्चों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सदैव तत्पर रहने की भी शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र छात्राओं ने पर्यावरण से संबंधित नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुत कर सबों का मन मोह लिया।अतिथियों के संबोधन के पश्चात परिषद के पदाधिकारियों एवं विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं के द्वारा विद्यालय प्रांगण में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण करते हुए उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेशमा कुमारी तथा सहायक शिक्षक प्रेम प्रकाश ओहदार के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका पुष्पा कुमारी ने किया।
मौके पर परिषद के संरक्षक विनय कुमार लाल, निर्मल कुमार गोयल, सचिव राकेश कुमार वर्मा, मनमोहन सिंह,रितेश कुमार, अजीत कुमार सिंह,सैरेन्द्री दास, मीडिया प्रभारी द्वारिका मिश्र “सुमन” सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकैलाश सिंह, प्रधानाध्यापिका रेशमा कुमारी, शिलानन्द तिर्की, मो. एहसान, बसन्ती खेस, रीता कुजूर, स्नेहलता तिग्गा, नेहा गुंजन गिद्ध, बिन्दु कुमारी, अनिता चिन्ता पन्ना, ज्योति बाला मिंज, प्रियंका प्रसाद, बेला बागे, अमिता खेस, आशा कुमारी, सदनी कुमारी, सीमा कुजूर, सबिता तिर्की तथा गीता देवी आदि उपस्थित थीं ।


















Total Users : 1182040
Total views : 3015281