Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

भाजपा के झारखंड बंद का चतरा में मिला-जुला असर

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

चौक पर प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी; प्रखंड क्षेत्रों में भी बंद का मिला-जुला असर

चतरा। भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को चतरा जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला। जिला मुख्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता केसरी चौक पर जुटे और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

जेपीएससी एवं जेएसएससी की परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर आंदोलनरत छात्रों पर कथित दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आह्वान पर बंद बुलाया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलनरत छात्रों पर लाठी-डंडे, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर दमनात्मक कार्रवाई की।

दुकानदारों से बंद रखने की अपील, लेकिन बाजार में सामान्य रही गतिविधि

बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में घूम-घूमकर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। हालांकि, शहर में बंद का व्यापक असर नहीं दिखा। कुछ स्थानों पर दुकानें बंद रहीं, जबकि मुख्य बाजार में सामान्य दिनों की तरह गतिविधियां जारी रहीं। सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी सामान्य रहा। केसरी चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान सड़क के तीनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। भाजपा नेताओं ने बताया कि एंबुलेंस, मरीजों की आवाजाही, स्कूली बच्चों, परीक्षार्थियों तथा आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। सावन को देखते हुए देवघर आने-जाने वाले कांवरियों को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने की बात कही गई। बंदी कार्यक्रम में नवीन शाह, महामंत्री मृत्युंजय सिंह, विद्यासागर आर्य, बसंत यादव, शिवकुमार चौबे, जितेंद्र यादव, प्रवीण कुमार, सुजीत जायसवाल समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला मुख्यालय के अलावा प्रखंड क्षेत्रों में भी बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला।

झारखंड बंद के समर्थन में गिद्धौर में भाजपा कार्यकर्ताओं का चक्का जाम, शांतिपूर्ण प्रदर्शन

गिद्धौर (चतरा)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत झारखंड बंद के समर्थन में मंगलवार को गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम एवं विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश एवं चतरा जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता के मार्गदर्शन में किया गया।

इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने JPSC एवं JSSC की परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर आंदोलनरत छात्रों पर कथित लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से छात्रों के हित में पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन के निर्देशानुसार अनुशासन एवं संयम बनाए रखा। कार्यकर्ताओं ने यह भी सुनिश्चित किया कि एंबुलेंस, मरीजों की आवाजाही, सावन में देवघर आने-जाने वाले कांवरियों तथा अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। भाजपा नेताओं ने कहा कि झारखंड बंद पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि बंद का उद्देश्य राज्य सरकार का ध्यान युवाओं से जुड़ी समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।

कार्यक्रम का नेतृत्व गिद्धौर मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ने किया। मौके पर मंडल महामंत्री प्रीतम कुमार यादव, अशोक कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार कुशवाहा, ब्रजेश कुमार सिन्हा, मनोज कुशवाहा, संजय यादव, राजेंद्र दांगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष लखन दांगी, गरीब दांगी, मनोज यादव, तुलेश्वर यादव, कैलाश दांगी, शिवकुमार दांगी, विकास दांगी सहित गिद्धौर मंडल के पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, शक्ति केंद्रों के संयोजक-सहसंयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment