तनाव के बाद पुलिस बल तैनात, नाबालिग का कराया जा रहा मेडिकल परीक्षण
टंडवा (चतरा)। टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप के बाद ग्रामीणों की पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मो. एमरोज (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में नाबालिग को संरक्षण में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे युवक पर एक नाबालिग लड़की को अगवा करने का आरोप है। आरोप है कि नाबालिग को दो दिनों तक अपने घर में रखने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह नाबालिग अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में युवक के घर को घेर लिया। बताया गया कि युवक घर से भागने का प्रयास कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मारपीट की घटना में मृतक का पिता सुल्तान मियां भी घायल हुआ है।
पुलिस ने नाबालिग को अपने संरक्षण में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों का बयान भी दर्ज किया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि मृतक के खिलाफ पूर्व में भी नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था और वह वर्ष 2023 में इस मामले में जेल जा चुका था। इस दावे की पुलिस जांच कर रही है।
घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है। दोनों पक्षों के घर आमने-सामने होने के कारण पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरत रही है।
एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि नाबालिग ने पूछताछ में दुष्कर्म की बात कही है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद भीड़ द्वारा की गई मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। एसडीपीओ ने यह भी बताया कि मृतक पूर्व में भी नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। नाबालिग के आरोपों, युवक की मौत और भीड़ द्वारा की गई मारपीट—तीनों पहलुओं पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।























Total Users : 1123847
Total views : 2943766