समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् ने विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति और समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया शिव पूजन
बिलासपुर। समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, बिलासपुर के तत्वावधान में रविवार को सरकंडा स्थित पाम इनक्लेव में श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के अनुरूप भव्य रुद्राभिषेक पूजन का आयोजन किया गया। भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति, समाज की एकता, परिवारों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की मंगलकामना की गई। पूरे आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति और भक्तिमय वातावरण से कार्यक्रम स्थल शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान शिव की आराधना की।
संगठन की जिलाध्यक्ष रमा दीवान ने बताया कि आयोजन में यजमान प्रतिनिधि के रूप में विभा पांडेय एवं विनोद पांडेय ने श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन में सहभागिता निभाई। संपूर्ण अनुष्ठान विद्वान आचार्य पं. अनिल मिश्रा के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ। रुद्राभिषेक के दौरान भगवान शिव का दूध, दही, घृत, मधु, गंगाजल, पंचामृत सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। रुद्रसूक्त और शिव मंत्रों के सस्वर पाठ से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
परिषद् की प्रमुख सलाहकार शशि द्विवेदी एवं प्रदेश सचिव मनीषा शर्मा ने कहा कि आयोजन में परिषद् की मातृशक्ति ने उत्साह और समर्पण के साथ सहभागिता निभाई। धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक समरसता, संगठन की एकजुटता और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया गया। रुद्राभिषेक के बाद भगवान शिव की आरती हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष किया। महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने समाज में सद्भाव, पारिवारिक सौहार्द, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना के विस्तार की कामना की।
प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज तिवारी ने कहा कि परिषद् द्वारा समय-समय पर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य मातृशक्ति को संगठित करने के साथ समाज में संस्कार, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि धर्म केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, संस्कारित करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।
विश्व कल्याण और राष्ट्र की उन्नति की कामना
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की प्रगति, प्राकृतिक संतुलन और समस्त मानवता के कल्याण की प्रार्थना की। जिला सचिव अंजू शर्मा ने कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और आयोजन में योगदान देने वाली मातृशक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में भगवान शिव से समस्त विश्व के कल्याण, राष्ट्र की उन्नति तथा समाज में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में माया दुबे, सरिता तिवारी, किरण शर्मा, सीमा शर्मा, प्रीति पांडेय, प्रियंका दुबे, कुसुम दुबे, पुष्पा दुबे, वंदना शर्मा, मीना पांडेय, अलका पांडेय, इंदु दीवान, प्रतिमा शर्मा, शिवानी मिश्रा, नंदिनी तिवारी, इंद्राणी दुबे, विजयलक्ष्मी पाठक, चंद्रकांता गौरहा, मीना तिवारी, रेखा दुबे, रमा देवी दुबे, तारा देवी दुबे, मनोरमा शर्मा एवं निक्की पांडेय सहित अनेक मातृशक्तियों ने सक्रिय सहयोग दिया।




















Total Users : 1120902
Total views : 2939909