खत्री ज्वेलर्स लूटकांड, युवा व्यवसायी की हत्या और पेट्रोल पंप पर डकैती की कोशिश से आक्रोशित व्यवसायियों ने काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध; नशा कारोबार पर लगाम लगाने और अनिश्चितकालीन बंद की दी चेतावनी।
लोहरदगा। लोहरदगा जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को लोहरदगा सर्राफा एसोसिएशन ने अनोखे ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। 30 जुलाई को महज दो घंटे के भीतर खत्री ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट और संचालक की हत्या के प्रयास, 24 वर्षीय युवा व्यवसायी शुभम साहू की निर्मम हत्या तथा पतराटोली पेट्रोल पंप पर बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश जैसी घटनाओं से जिले के व्यवसायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पोस्टर चस्पा कर 1 अगस्त को बंद की घोषणा आक्रोशित सर्राफा व्यवसायियों ने सुरक्षा, बढ़ते नशा कारोबार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ जिलेभर के प्रतिष्ठानों पर विरोध स्वरूप पोस्टर लगाए। पोस्टर के जरिए 1 अगस्त को पूरे जिले में सर्राफा प्रतिष्ठान बंद रखने की घोषणा की गई।
श्रद्धांजलि, काला बिल्ला और बाइक रैली व्यवसायियों ने अपने बाजू पर काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया तथा दिवंगत युवा व्यवसायी शुभम साहू की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद व्यवसायियों ने शहर में एक विशाल बाइक रैली निकालकर पुलिस प्रशासन से कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग की।
अपर बाजार में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल एसोसिएशन के संरक्षक संजय बर्म्मन ने कहा कि “अपर बाजार लोहरदगा के व्यापार का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी और बैंकिंग कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे मुख्य और सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट और हत्या के प्रयास जैसी वारदातें बेहद चिंताजनक हैं। यदि शहर के हृदयस्थली में व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, तो ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के सुरक्षा दावों पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।”
नशा कारोबार बना अपराध की जड़ संजय बर्म्मन ने जिले में तेजी से पांव पसार रहे नशा कारोबार पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि खुलेआम हो रही नशीले पदार्थों की बिक्री से युवा वर्ग इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे आपराधिक ग्राफ में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी, नशा कारोबार पर कड़ा प्रहार और कानून-व्यवस्था में सुधार की मांग की।
अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी सर्राफा संघ ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो सर्राफा व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने पर मजबूर होंगे।
रैली व प्रदर्शन में शामिल प्रमुख व्यवसायी विरोध प्रदर्शन के दौरान संरक्षक संजय बर्म्मन, अध्यक्ष प्रवीण तमेड़ा “चिंटू”, किशोर तमेड़ा, संजय खत्री, सुनील सोनी, आयुष तमेड़ा, नीलेश बर्म्मन, शंभु सोनी, महेश सोनी, शौर्य बर्म्मन, अरविंद सोनी, रामजी सोनी, गौरव खत्री, अभिलाष खत्री, गोलू सोनी, मनोज सोनी, चंदन सोनी, नंद किशोर तमेड़ा, रोहन कुमार समेत बड़ी संख्या में सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे।






















Total Users : 1123761
Total views : 2943659