*अपराध पर अंकुश लगाने की मांग, 10 अगस्त की बाइक कांवड़ यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटी जय श्रीराम समिति*
लोहरदगा। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जय श्रीराम समिति ने प्रशासन से अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसी के साथ समिति ने आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य बाइक कांवड़ यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की। इस संबंध में शनिवार को हटिया गार्डन स्थित जिला कार्यालय में समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला संरक्षक परमेश्वर साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए परमेश्वर साहू ने कहा कि हाल के दिनों में लोहरदगा में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। एक से डेढ़ घंटे के भीतर तीन अलग-अलग आपराधिक घटनाओं का होना बेहद चिंताजनक है और इससे आम लोगों में भय का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि अपराध के विरोध में नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से किए गए लोहरदगा बंद ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब सुरक्षित वातावरण चाहती है। समिति ने बंद को सफल बनाने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
कोर कमेटी सदस्य शैलेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि सावन माह के अवसर पर 10 अगस्त को आयोजित होने वाली बाइक कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यात्रा को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला, प्रखंड एवं नगर स्तर के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने अधिक से अधिक शिवभक्तों से इस धार्मिक यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक के अंत में सुमन साहू की निर्मम हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
बैठक में जिला संरक्षक परमेश्वर साहू, सुषमा सिंह, लक्ष्मी नारायण भगत, शैलेश कुमार कुशवाहा, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, ओम महतो, बजरंग करवा, अनुज कुमार, विक्की कसेरा, रामकुमार साहू, महिला जिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान, पूर्णिमा वर्मा, जान्हवी गोयल, उदय महतो, गणेश साहू, गुड्डू साहू, बुद्धेश्वर उरांव, आदित्य कुमार साहू सहित समिति के जिला, प्रखंड एवं नगर पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















Total Users : 1120895
Total views : 2939902