वेंटिलेटर बना भागने का रास्ता, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के निकलने पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
रांची: राजधानी रांची के खेलगांव थाना में पुलिस अभिरक्षा में रखे चोरी के एक आरोपी के बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते फरार हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी को चोरी के मामले में गिरफ्तार कर थाना लाया गया था, लेकिन निगरानी के दौरान वह बाथरूम पहुंचा और मौका पाकर वेंटिलेटर के रास्ते बाहर निकल गया। घटना ने थाना परिसर में सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेलगांव थाना कांड संख्या 39/2026, दिनांक 30 जुलाई 2026 में चोरी के मामले में मो. असफाक अंसारी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। असफाक अंसारी मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम का रहने वाला बताया गया है।
बाथरूम जाने की जिद के बाद हुआ फरार
खेलगांव थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक शिवनंदन कुमार ने अपने लिखित आवेदन में बताया कि 31 जुलाई को वह प्रथम ओडी ड्यूटी पर थे और उन्हें हाजत में बंद आरोपियों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी।
दोपहर करीब 1:25 बजे मो. असफाक अंसारी लगातार बाथरूम जाने की जिद करने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे हाजत से निकालकर बाथरूम तक ले गए। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
संदेह होने पर बाथरूम का दरवाजा धक्का देकर खोला गया तो आरोपी वहां मौजूद नहीं था। जांच के दौरान आशंका हुई कि वह बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते निकलकर फरार हो गया।
थाना परिसर में मचा हड़कंप, आसपास हुई तलाश
आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारी और जवान उसकी तलाश में जुट गए। आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की गई, लेकिन देर रात तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
चोरी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
पूरा मामला गाड़ी होटवार निवासी अंजनी घोष की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने 30 जुलाई को खेलगांव थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के मुताबिक, 29 जुलाई की रात उनके घर से करीब एक ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, डेढ़ भर का सोने का झुमका, लगभग 15 भर की दो जोड़ी चांदी की पायल और मोबाइल फोन चोरी हुआ था।
अंजनी घोष ने अपने आवेदन में किराये पर रहने वाले मो. असफाक अंसारी, उसकी पत्नी शिफद आदा और एक नाबालिग पर चोरी में संलिप्त होने का संदेह जताया था। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस उसके पैतृक और वर्तमान दोनों ठिकानों पर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसके परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
सिटी एसपी ने कहा कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। साथ ही, इस घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करना है। वहीं, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के इस तरह फरार होने की घटना ने थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की प्रक्रिया को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
























Total Users : 1123838
Total views : 2943754