. शुभम कुमार साहू की निर्मम हत्या के विरोध में स्वतः बंद रहीं दुकानें, व्यापारियों ने जताया आक्रोश
लोहरदगा। शहर के पतराटोली स्थित प्रिया स्टोर के संचालक स्वर्गीय शुभम कुमार साहू की निर्मम हत्या के विरोध में शनिवार को पतराटोली एवं शांति नगर क्षेत्र की सभी दुकानें स्वतः बंद रहीं। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने घटना के विरोध में अपना कारोबार बंद रखकर दिवंगत शुभम को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि घटना के दिन मात्र दो अपराधियों ने अपर बाजार से लेकर पतराटोली तक करीब दो घंटे तक शहर में दहशत का माहौल बनाए रखा, लेकिन प्रशासन उन्हें रोकने में विफल रहा। अंततः अपराधियों ने एक सीधे-सादे और मेहनतकश दुकानदार शुभम कुमार साहू की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से मुख्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें कठोरतम कानूनी सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाना आवश्यक है।
बाद में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं व्यापारी स्वर्गीय शुभम कुमार साहू के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।




















Total Users : 1123832
Total views : 2943748