Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, मुठभेड़ के बाद गैंग के 5 अपराधी गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एक के पैर में लगी गोली; हथियार, गोलियां और मोबाइल बरामद

हजारीबाग। कोयला क्षेत्रों में रंगदारी और दहशत फैलाने की साजिश रच रहे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर हजारीबाग पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके सक्रिय सदस्यों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल, टीपी-5 के समीप तड़के विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि गिरोह के पांच सक्रिय सदस्य गिरफ्तार कर लिए गए।
प्रेस वार्ता में एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान द्वारा संचालित केएसएस कुबेर गैंग के सदस्य हजारीबाग के कोयला खनन क्षेत्रों में रंगदारी वसूलने, कारोबारियों में दहशत फैलाने तथा बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और बड़कागांव थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की गई। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर लगातार फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी घायल हो गया, जबकि अन्य को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ अपराधी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और कोयला क्षेत्रों में रंगदारी वसूलने तथा भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से भेजे गए थे। पुलिस ने इस कार्रवाई में सैयद मोहम्मद जीशान (घायल), मो. शमशाद उर्फ साहिल, विकास हैदर, अरुण कुमार सिंह तथा रौशन मालाकार को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, .303 बोर के 20 कारतूस तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। घायल अपराधी का इलाज पुलिस सुरक्षा में कराया जा रहा है।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बड़कागांव) अमित आनंद (भा.पु.से.) ने किया। अभियान में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार, विष्णुगढ़ एसडीपीओ फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल, लोहरसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक, अभय आनंद, अभिषेक कुमार, राकेश खवास सहित तकनीकी शाखा, संगठित अपराध शाखा एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

एसपी अमन कुमार ने कहा कि हजारीबाग जिले में संगठित अपराध, रंगदारी और गैंगवार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

News Scale Live | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment