जमशेदपुर एफसी ने डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से रौंदा, रेनियर फर्नांडिस की हैट्रिक चमकी
एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियनऑयल डूरंड कप 2026 का आगाज भव्य, रंगारंग और देशभक्ति से सराबोर माहौल में हुआ। उद्घाटन समारोह से लेकर पहले मुकाबले तक हर पल रोमांच से भरपूर रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सैन्य प्रदर्शन और शानदार फुटबॉल के बीच दर्शकों को यादगार अनुभव मिला, वहीं जमशेदपुर एफसी ने धमाकेदार जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
26 जुलाई 2026 को मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियनऑयल डूरंड कप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पहली बार रांची को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिला। उद्घाटन समारोह और मैच को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए खेल विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं।
कार्यक्रम के दौरान जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन स्वयं स्टेडियम में मौजूद रहकर पूरे आयोजन की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रवेश और निकास द्वारों के साथ दर्शक दीर्घाओं में भी सघन निगरानी रखी गई। यातायात प्रबंधन, पार्किंग, एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, स्वच्छता, पेयजल और अग्निशमन दल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए 135वें डूरंड कप के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और पूरे परिसर में फुटबॉल का उत्साह देखने को मिला।
समारोह की शुरुआत भारतीय सेना के चीता हेलीकॉप्टर के शानदार फ्लाई-पास्ट से हुई, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके बाद सेना के पाइप एंड ड्रम बैंड ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से देशभक्ति का माहौल बनाया। गोरखा बटालियन के जवानों ने ‘कंधे से मिलते हैं कंधे’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी, जबकि सिख रेजिमेंट के जवानों ने पारंपरिक भांगड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। डूरंड कप के आधिकारिक थीम गीत “खेलेंगे… खेलेंगे… दिल से खेलेंगे” पर कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुति उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण रही।
उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 5-0 से शानदार जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत से ही जमशेदपुर ने आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में रेनियर फर्नांडिस ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद आठवें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।
जमशेदपुर का दबदबा लगातार जारी रहा और 23वें मिनट में अमन सीके ने तीसरा गोल कर डिफेंडर्स एफसी पर दबाव और बढ़ा दिया। इसके बाद 39वें मिनट में देवेंद्र मुरगांवकर ने चौथा गोल कर पहले हाफ को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। पहले 45 मिनट में चार गोल की बढ़त मिलने के बाद डिफेंडर्स एफसी की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई।
दूसरे हाफ में श्रीलंकाई टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर एफसी की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसे कोई सफलता नहीं मिली। दूसरी ओर जमशेदपुर ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और 82वें मिनट में रेनियर फर्नांडिस ने अपना तीसरा तथा टीम का पांचवां गोल दागकर हैट्रिक पूरी कर ली। इसी के साथ जमशेदपुर एफसी ने 5-0 की शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
रांची में पहली बार आयोजित डूरंड कप का उद्घाटन समारोह और पहला मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुआ। शानदार आयोजन, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उच्च स्तरीय फुटबॉल मुकाबले ने इस ऐतिहासिक अवसर को और भी खास बना दिया।























Total Users : 1123817
Total views : 2943730