गुप्त सूचना पर गांव से दबोचा गया, पूछताछ के बाद भेजा गया जेल
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पिछले दो माह से फरार चल रहे आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुम्बापतरा गांव निवासी दिलीप कुमार (पिता- सुरेश भुइयां) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध गांव की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में सिमरिया थाना कांड संख्या 104/2026 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव तुम्बापतरा आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है।






















Total Users : 1123845
Total views : 2943764