Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

आरसीसीएफ व डीएफओ ने किया महादेव मठ का निरीक्षण, पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशीं

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर की क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना, पौधारोपण कार्य का भी लिया जायजा

कुंदा (चतरा)। क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) रविंद्र नाथ मिश्रा के नेतृत्व में उत्तरी एवं दक्षिणी वन प्रमंडल के अधिकारियों की टीम ने शनिवार को ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल कुंदा महादेव मठ का दौरा किया। इस दौरान आरसीसीएफ के साथ उत्तरी वन प्रमंडल के डीएफओ राहुल मीणा एवं दक्षिणी वन प्रमंडल के डीएफओ मुकेश कुमार ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद अधिकारियों ने महादेव मठ परिसर का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध प्राकृतिक एवं धार्मिक धरोहरों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान आरसीसीएफ रविंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि महादेव मठ धार्मिक एवं पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला स्थल है। यदि यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाए तो यह क्षेत्र प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान आरसीसीएफ ने वन भूमि से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनओसी जारी करने में ग्राम सभा की अनुशंसा सर्वोच्च महत्व रखती है। एक हेक्टेयर तक के मामलों में डीएफओ स्तर से एनओसी जारी की जा सकती है, जबकि इससे अधिक क्षेत्रफल के मामलों में उच्च स्तर से स्वीकृति की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ पर्यटन विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा श्रद्धालुओं के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग समन्वित प्रयास करेगा।

इसके बाद अधिकारियों ने सोहरलाट में किए गए पौधारोपण कार्य का भी निरीक्षण किया। आरसीसीएफ ने पौधारोपण की सराहना करते हुए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं हरित क्षेत्र के विस्तार पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर प्रभारी वनपाल दिवाकर कुमार दास, रविशंकर रवि, संदीप कुमार सिंह, लवकुश कुमार गुप्ता सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment