लोहरदगा।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज आंगनबाड़ी केंद्र जीमा का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाभुकों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अभिलेखों का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र व्यक्तियों का आभा (ABHA) कार्ड शत-प्रतिशत बनाया जाए। उन्होंने आभा कार्ड के प्रारूप एवं उससे संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) के आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता एवं मोबिलाइजेशन पर बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने टीकाकरण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (ANC) के दौरान मापे जाने वाले सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रसव पूर्व जांच के दौरान हीमोग्लोबिन की जांच अनिवार्य रूप से की जाए ताकि एनीमिया की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने गैर-संचारी रोगों (NCD) की नियमित जांच कराने पर जोर देते हुए मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM) में स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कुपोषण की जांच, टीबी स्क्रीनिंग एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है तथा सभी जांच एवं उपचार सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
आज इस अवसर पर संबधित बीडीओ सह सीडीपीओ इंचार्ज छंदा भट्टाचार्जी,कुडू बीडीओ संतोष उरांव,व अन्य उपस्थित थे।























Total Users : 1070640
Total views : 2869865