चतरा/टंडवा। टंडवा थाना क्षेत्र के सेरनदाग स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने मुख्य सड़क पर गिरा सूखा फ्लाई ऐश उड़ने से आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग किनारे रहने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि उड़ता फ्लाई ऐश फेफड़ों पर गंभीर असर डाल रहा है, लेकिन शीशे में बंद होकर चलने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जबकि अंदरखाने बंदरबांट और सेंधमारी चल रही है। भारी प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के मामले में सरकारी तंत्र अब तक विफल साबित हुआ है। कुंभकर्णी नींद में सोए प्रशासनिक सिस्टम और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के प्रति आमजन में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि एनटीपीसी परियोजना से निकलने वाली राख को आसपास के क्षेत्रों में जहां-तहां गिराकर इलाके को प्रदूषित किया जा रहा है। फ्लाई ऐश की ढुलाई में लगे ट्रांसपोर्टर भी बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बीते दिनों चतरा सांसद द्वारा परियोजना प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए निर्देशात्मक पत्र का भी कोई असर जमीन पर नहीं दिख रहा है। हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब ठोस कार्रवाई कर प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
---Advertisement---





















Total Users : 786456
Total views : 2480468