हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज क्षेत्र में प्रसव प्रोत्साहन राशि के नाम पर साइबर ठगों का नया ठगी गिरोह सक्रिय हो गया है, जो भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहा है। ठग प्रसव के कुछ महीनों बाद पीड़ितों को फर्जी कॉल कर स्वयं को सरकारी अस्पताल का पदाधिकारी बताकर ओटीपी मांगते हैं और खाते से रकम उड़ा लेते हैं। ताजा मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र के नागर गांव का है, जहां निवासी नूतन कुमारी के पास एक फर्जी कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को हंटरगंज सरकारी अस्पताल का बड़ा बाबू दीपक कुमार वर्मा बताते हुए कहा कि उनकी बेटी प्रज्ञा कुमारी के जन्म के बदले मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भेजनी है और इसके लिए फोन-पे खोलने को कहा। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए कहा कि उसके पास फोन-पे नहीं है और वह खुद अस्पताल आ रही है। जब महिला अस्पताल पहुंची और कर्मियों से दीपक वर्मा के बारे में पूछा तो पता चला कि ऐसा कोई कर्मचारी वहां कार्यरत ही नहीं है। इस तरह महिला एक बड़ी ठगी का शिकार होने से बच गई। गनीमत रही कि महिला ने ओटीपी साझा नहीं किया, नहीं तो कुछ ही मिनटों में उनके खाते से पूरी राशि उड़ सकती थी। ज्ञात हो कि बुधवार को थाना क्षेत्र के हिरिंग गांव निवासी मुकेश कुमार को भी साइबर ठगों ने इसी तरीके से झांसा देकर 18,298 रुपये की ठगी कर ली थी। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी वेद प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल की ओर से इस तरह का कोई कॉल नहीं किया जाता है। वहीं हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी पहले लोगों का भरोसा जीतते हैं, फिर ओटीपी, बैंक अकाउंट, आधार और निजी जानकारी हासिल कर खाते खाली कर देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या केवाईसी अपडेट संदेश पर भरोसा न करें। कोई भी सरकारी विभाग कभी फोन पर ओटीपी या खाता विवरण नहीं मांगता। किसी भी संदिग्ध कॉल या लेन-देन की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना को दें। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है।
प्रसव प्रोत्साहन राशि के नाम पर साइबर ठगी, लोग हो रहे शिकार

On: December 7, 2025 9:03 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now



















Total Users : 789518
Total views : 2484533