चतरा में छठ महापर्व की धूम : घाटों की सफाई, पूजन सामग्री का वितरण और बाजारों में खरीदारी से गूंजा माहौल

News Scale Digital
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

चतरा, सोमवार, 27 अक्टूबर 2025: छठ महापर्व को लेकर पूरे चतरा जिले में आस्था और उत्साह का माहौल चरम पर है। श्रद्धालु जहां घाटों की साफ-सफाई और सजावट में जुटे हैं, वहीं सामाजिक संगठन सेवा कार्यों के माध्यम से पर्व की गरिमा बढ़ा रहे हैं। बाजारों में भी छठ पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक देखते ही बन रही है।


लीलाजन नदी घाट की सफाई में जुटे नवयुवक छठ पूजा समिति बखरडीहकेवाल के सदस्य

हंटरगंज (चतरा): प्रखंड क्षेत्र के बखरडीहकेवाल गांव में नवयुवक छठ पूजा समिति के सदस्यों ने रविवार को लीलाजन नदी स्थित छठ घाट की सफाई की। यह कार्य वार्ड सदस्य गजल यादव और स्थानीय युवाओं की संयुक्त पहल पर किया गया। समिति के अध्यक्ष धनंजय यादव के नेतृत्व में युवाओं ने घाट परिसर की सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार किया। कार्यक्रम में सचिव शंकर यादव, कोषाध्यक्ष सुरेश मिस्त्री, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार यादव, राजीव यादव, सचिन कुमार, नंदू कुमार, अवधेश मिस्त्री, नवल किशोर यादव, कमल किशोर यादव समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।

नवयुवक संघ पिपराडीह ने छठ व्रतियों के बीच वितरित की पूजन सामग्री

सिमरिया (चतरा): प्रखंड क्षेत्र के नवयुवक संघ पिपराडीह के सदस्यों ने गांव के 26 छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया। संघ के अध्यक्ष उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह सेवा कार्य वर्ष 2018 से लगातार किया जा रहा है। वितरित सामग्री में सेव, दूध, संतरा, नारियल, मूली, गाजर, शकरकंद, पान पत्ता, सुपारी, कपूर, अगरबत्ती, ईख, घी, पंचमेवा, आरती, लौंग, इलायची आदि शामिल थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव शिव कुमार, कोषाध्यक्ष सुनील प्रसाद, संयोजक उपेंद्र विश्वकर्मा, उमेश प्रसाद, ध्रुव प्रसाद, रामभजन प्रसाद, तेजनारायण प्रसाद, मिथिलेश प्रसाद, पवन प्रसाद और अन्य सदस्यों का योगदान रहा।


छठ पर्व को लेकर बाजारों में उमड़ी भीड़, पूजन सामग्री की जबरदस्त खरीदारी

गिद्धौर (चतरा): प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में रविवार को छठ पर्व की खरीदारी चरम पर रही।
मुख्य चौक और बाजार पूजा सामग्री व फलों से सज गए थे। सुबह से ही श्रद्धालु दूध, फल, ईख, नारियल और पूजन सामग्री खरीदने में व्यस्त रहे। वहीं खरना के अवसर पर व्रती दूध की व्यवस्था में जुटे नजर आए। शाम को व्रतियों ने सूर्यदेव की आराधना कर खरना का अनुष्ठान पूरा किया, जिसके साथ उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ हो गया। मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर अन्न ग्रहण करेंगे।


जिलेभर में उत्साह और सहयोग की मिसाल

चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों में छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट, सामाजिक सहयोग और खरीदारी से पूरा माहौल आस्था और भक्ति में रंगा हुआ है। ग्रामीणों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह पर्व सामुदायिक एकता और सेवा भावना का प्रतीक बन गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *