
न्यूज स्केल संवाददाता
चतरा। इस बार चतरा पुलिस उग्रवादी हमले में शहीद जवानों के याद में होली नहीं मनाने का निर्णय लिया है। ज्ञात हो कि बीते सात फरवरी 2024 को सदर थाना, वशिष्ठ नगर थाना व वन विभाग की संयुक्त टीम पोस्ता (अफीम) नष्ट करने गम्हारतरी गयी थी और पोस्ता की खेती नष्ट कर वापस लौट रही थी। उसी दौरान पहले से घात लगाये टीएसपीसी के उग्रवादियों ने सदर थाना क्षेत्र के बैरियो के पास हमला कर दिया था। जिसमें दो जवान शहीद हो गये थे। साथ ही अन्य तीन जवान घायल हो गये थे। शहीद जवानो में बिहार के गया जिला अंतर्गत वजीरगंज थाना क्षेत्र के खिरियांवा निवासी अशोक सिंह व पलामू जिला तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत तरहसी गांव निवासी सुकन राम शामिल थे। दोनो की शहादत को देखते हुए होली नहीं मनाने का निर्णय लिया गया। उपरोक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय ने दी।