मयूरहंड(चतरा)। मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के बेलखोरी पैक्स गोदाम में रविवार को धान अधिप्राप्ति केन्द्र खोला गया। जिसका उद्घाटन प्रमुख मिकी देवी, बीडीओ मनीष कुमार, मुखिया प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह व अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से विधिवत पूजा अर्चना के उपरांत फिता काटकर किया। इस दौरान बीडीओ ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को सशक्त करने के उद्देश्य से खोला गया है। पैक्स के माध्यम से किसानों की धान उचित मूल्य में खरीदी जाएगी ताकि किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके।
किसानों का धान सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 2300 एवं बोनस 100 कुल 2400 रुपये प्रति क्विंटल खरीदी जाएगी। इसके अलावा धान क्रय केंद्र खुलने से किसानों को बिचौलियों से भी छुटकारा मिलेगा।बीडीओ ने पैक्स अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह को प्रत्येक दिन धान क्रय केंद्र खुला रखने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को अपनी धान बेचने में दिक्कत नहीं हो।मौके पर क्षेत्र के दर्जनो किसान उपस्थित थे।