भाजपा के परिवर्तन सह संकल्प यात्रा के जनसभा में शामिल हुए सांसद, वर्तमान सरकार को बताया भ्रष्टाचार व्यवस्था वाली सरकार

0
444

न्यूज स्केल संवाददाता
प्रतापपुर(चतरा)। भारतीय जनता पार्टी के परिवर्तन सह संकल्प यात्रा को लेकर प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय में रथ यात्रा निकाली गई। जिस पर ग्रामीणों ने पुष्पों की वर्षा की। इसके बाद प्लस टू हाई स्कूल मैदान में जनसभा आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष रामदेव भोक्ता व संचालन जिला महामंत्री मिथिलेश गुप्ता ने किया। वहीं जनसभा में मुख्य अतिथि के रुप में सांसद कालीचरण सिंह व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद शामिल थे। कार्यक्रम का शुभारंभ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर अतिथियों ने किया।

वहीं मंचासीन अतिथियों को महिला मोर्चा द्वारा बनाए गए पत्तों एवं फूलों से बने टोपी पहनाकर तथा लगभग 51 किलो की फूलों की हार सामूहिक रूप से पहना कर स्वागत किया गया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार चतरा को स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह पर जनता ने अपना विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डीएमएफटी जिसे केंद्र सरकार देती है, उसका सदुपयोग नहीं किया जा रहा है। वहीं मुख्य अतिथि सांसद कालीचरण सिंह ने अपने बहुत ही कम समय में किए गए कार्यों को बताते हुए कहा कि 4ः30 साल के शासनकाल में चतरा विधायक सह मंत्री के रहते भर में भी जोरी चतरा सड़क मार्ग किस हालत में था यह किसी से छुपा हुआ नहीं है। इसे मैंने बनवाने का काम किया है। डाल्टनगंज सड़क मार्ग भी बनवाने का काम किया है। जिसे जनता महसूस कर रही है। जोरी-हंटरगंज सड़क मार्ग पर हमेशा जाम की स्थिति रहती है। जिससे निजात दिलाने के लिए दोनों सड़कों पर बाईपास के लिए प्रक्रिया करवाया हूं। जो अभी टेंडर की प्रक्रिया में है। शीघ्र ही बाईपास बन जाएगा। उन्होंने बताया कि रांची जाने के क्रम में चंदवा रेलवे क्रॉसिंग पर घंटो खड़ा रहना पड़ता था लेकिन उसपर भी पुल बन रहा है यह जाम से भी लोगों को छुटकारा मिलेगा। रेल से जोड़ने के लिए मैंने लोकसभा में आवाज उठाई है और प्रतापपुर के बगल इमामगंज से होते हुए टोरी तक रेल मार्ग बनाए जाने को लेकर सर्वे का कार्य प्रारंभ है, शीघ्र ही यह भी पूरा होगा। आगे उन्होंने कहा कि मैं आपके साथ 24 घंटा साथ हूं लेकिन वर्तमान वाले जो स्थानीय विधायक हैं उन्हें हटाइए और चतरा विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी का जो भी उम्मीदवार हो उसे जिताएं मैं हमेशा आपके साथ हूं। साथ ही कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार में डूबी है।