प्रतापपुर प्रखंड के बूथ 201 में वोट वहिष्कार के साथ 60.15 प्रतिशत लोगों ने किया मतदान

0
333

न्यूज स्केल संवाददाता
प्रतापपुर (चतरा)। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के प्रथम चरण में चतरा विधनसभा के प्रतापपुर प्रखंड में बुधवार देर शाम शांति पूर्वक मतदान कार्य संपन्न हुआ। प्रखंड के 103 में से 102 बूथों में लोगों ने मतदान किया। बूथ संख्या 201 नवरत्नपुर के ग्रामीणों ने गांव के युवक के हत्या के विरोध में चुनाव का बहिष्कार किया। जिसके कारण वहां मतदान नहीं हो सका। जबकी जिन बूथों पर चुनाव हुए, वहां मतदान करने के लिए युवा वर्ग के मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पूरे प्रतापपुर प्रखंड में वोटरों की संख्या 92,857 है। जिसमें पुरुष 46701 व महिला मतदाता 46156 है। जिसमें प्रखंड के 102 बूथों पर 25346 पुरुषों और 30505 महिलाओं सहित कुल 55851 मतदाताओं (60.15 प्रतिशत) ने मतदान किया। पुरुष का मतदान का प्रतिशत 54.27 व महिलाओं का प्रतिशत 66.09 रहा। प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक पांडेय, अंचल अधिकारी विकास कुमार टुडू, पुलिस इंस्पेक्टर अवधेश कुमार सिंह व थाना प्रभारी कासिम अंसारी शांति पूर्वक चुनाव संपन्न कराने को लेकर दिन भर मतदान केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लेते दिखे। पुलिस इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रखंड में शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हो गया, कहीं भी किसी तरह की अप्रिय घटनाएं नहीं घटी।