
न्यूज स्केल संवाददाता
चतरा। शहर स्थित देवरिया पंचायत के लिपदा गांव के शिव व शक्ति मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। कलश यात्रा लिपदा यज्ञ स्थल से निकल कर लिपदा ग्राम, झुमडा मारवाड़ी मोहल्ला, जात्राहीबाग, डीसी ऑफिस होते हुए हेरुआ शिव मंदिर नदी घाट पहुंची। जहां यज्ञाचार्य विनोद मिश्र व उनके सहयोगियों ने गंगा पूजन के साथ कलश में जल भरवाया। उसके बाद पुनः कलश लेकर कलशधारी वापस बाई पास होते हुए यज्ञ मंडप में पहुंचकर कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया। इस कलश यात्रा में 551 महिलाएं शामिल थीं। श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ प्रवचन गुजरात निवासी पण्डित ललित जी नागर द्वारा किया जायेगा। यज्ञाचार्य श्री मिश्र ने यज्ञ से होने वाले लाभ के बारे में बताया। कार्यक्रम को संपन्न कराने में लिपदा गांव के युवा विशेष योगदान दे रहे हैं। कलश यात्रा में सामाजिक कार्यकर्ता पंकज दुबे, भुनेश्वर साहू, फूलचंद साहू, राजेंद्र साहू, ईश्वरी साहू, विनोद साव, अर्जुन साव, दिलीप साव समेत सैकड़ों के संख्या में लोग शामिल थे।