
चतरा/हंटरगंज। जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हंटरगंज-प्रतापपुर मुख्य पथ पर नवाडीह भीमदहा के पास बीते देर रात्रि एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें एक तेज रफ्तार हईवा ने सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद दिया। हादसे में गांव के ही 60 वर्षीय साधु मिस्त्री पिता पुन मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय शिवराणी देवी और छत्तीसगढ़ राज्य निवासी 40 वर्षीय गिरधर भूमिहार गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार हंटरगंज की ओर से तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को रौंद दिया। जिसमें मौके पर 1 वृद्ध की मौत हो गई। जबकि एक महिला और एक पुरुष गंभीर रुप से घायल हो गए। यही नहीं हाइवा उसके बाद एक मारुति वैन को टक्कर मारते सीधे एक घर से जा टकराया। जिससे घर में सोए लोगों में अफरा-तफरी मच गया। हालांकि घर के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। इधर घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार और अंचलाअधिकारी अरुण कुमार मुंडा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा व दोनो घायलों को इलाज के लिए हंटरगंज समुदायिक स्वास्थय केन्द्र भेजा। इसके साथ ही पुलिस ने तत्परता से ग्रामीणों के चुंगल से ड्राइवर को निकालकर अपने साथ ले गई। इधर घटना के बाद सुबह 8 बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने हंटरगंज-प्रतापुर मुख्य पथ को जाम कर दिया। हालांकि पुलिस ने दोपहर एक बजे ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम को हटवा दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनो को उचित मुआवजा और वाहन की गति पर नियंत्रण किए जाने की मांग कर रहे थे।